आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन व एरियर की उठाई मांग
– कर्मियों ने नगर पालिका में सौंपा ज्ञापन
फोटो परिचय- (10) नगर पालिका में ज्ञापन सौंपते प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज कुमार।
फतेहपुर। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार नया वेतनमान देने, बकाया एरियर का भुगतान करने व पीएफ का पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद में ज्ञापन सौंपा गया। पूर्व सभासद एवं संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के अकाउंटेंट राम गोपाल पांडेय को ज्ञापन देकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धीरज कुमार ने कहा कि काफी लंबे इंतजार के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दो सितंबर 2026 से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए नए शासनादेश के अनुसार वेतनमान लागू किया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों को नए वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निर्धारित तिथि से नया वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के साथ अब तक का बकाया एरियर भी दिया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों के पीएफ की जमा धनराशि का पूरा हिसाब उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी मिल सके।
———————————————————————————-
आईजीआरएस रैंकिंग में फतेहपुर प्रदेश में अव्वल
– एसपी की मॉनिटरिंग से मिली सफलता, सभी 21 थानों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
फतेहपुर। जनशिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जिले की पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। अक्टूबर माह की आईजीआरएस रैंकिंग में जिले ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन व नियमित समीक्षा के चलते जनपद को यह सफलता मिली है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न हो, इसके लिए नियमित रूप से प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी की प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम रहा कि अक्टूबर माह की रैंकिंग में फतेहपुर पूरे प्रदेश में अव्वल रहा। खास बात यह है कि जनपद के सभी 21 थानों ने भी आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

