जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में शोध पत्र प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रयागराज। जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, प्रयागराज के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के तत्वावधान में 4 नवंबर को महाविद्यालय के सेमिनार कक्ष में शोध पत्र प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय में शोध संस्कृति, अकादमिक विमर्श एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर आशिमा घोष की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में भूगोल विभाग की शोधार्थी सुश्री साक्षी सिंह ने ‘अरबन ट्रांसफार्मेशन एंड फ्यूचर लैंड यूज ट्राईक्टराइज इन प्रयागराज सिटी’ विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। वहीं हिंदी विभाग के शोधार्थी उपेंद्र यादव ने ‘हिंदी कथा साहित्य में समाज से गायब होती संवेदनाएं : दलित साहित्य के विशेष संदर्भ में’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत किया। दोनों शोधार्थियों ने अपने शोध विषयों के विभिन्न पक्षों को तथ्यों एवं अकादमिक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात उपस्थित प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने शोध पत्रों पर चर्चा की तथा अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम में प्रोफेसर अर्चना पॉल, प्रोफेसर अंशुमाला मिश्रा, प्रोफेसर काजल देव, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. प्रमा द्विवेदी, डॉ. नूरी फातिमा, डॉ. कस्तूरी भारद्वाज, डॉ. दर्शन कुमार झा एवं डॉ. आशीष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के प्रभारी डॉ. अनुराग पांडेय ने किया। उन्होंने शोधार्थियों को शोध की गुणवत्ता, अकादमिक अनुशासन एवं मौलिक चिंतन के प्रति प्रेरित
किया।

