(सतना)मध्य प्रदेश : सतना में जया रैगजीन दुकान में भीषण आग, 80 लाख रुपये के नुकसान की आशंका

(सतना)मध्य प्रदेश : सतना में जया रैगजीन दुकान में भीषण आग, 80 लाख रुपये के नुकसान की आशंका

सतना ,07 नवंबर (आरएनएस)। सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खेरमाई रोड के पास स्थित जया रैगजीन दुकान में देर रात आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। आग लगने से करीब 80 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, आग की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी मनीष त्रिपाठी, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा और सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। इस दौरान सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने अपनी जान की परवाह किए बिना बगल की इमारत की छत पर पहुंचकर आग बुझाने लगे। घटनास्थल पर सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, महापौर योगेश ताम्रकार और नगर निगम आयुक्त नागार्जुन गौड़ा भी पहुंचे। इसके अलावा, सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली।

आग की भयावहता और उसे नियंत्रित करने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया। एसडीएम राहुल सिलाडिया लगातार सीमेंट फैक्ट्री से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने के लिए संपर्क करते रहे। वहीं, दमकल विभाग की गाड़ियों ने लगातार पानी की बौछार कर कई घंटों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय नागरिक भी राहत कार्य में जुटे रहे। दुकान के संचालक का नाम मुकेश खेलवानी, पिता सुरेश खेलवानी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में दुकान का बड़ा हिस्सा और उसमें रखा सामान प्रभावित हुआ है।

आग लगने से करीब 80 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान का निरीक्षण करने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने की वजह जानने के लिए आगे जांच की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे आग की घटनाएं कम हों।

00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *