*संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला विवाहिता का शव, आत्महत्या की आशंका*
अयोध्या (क्राइम रिपोर्टर) संतोष कुमार।मिल्कीपुर, अयोध्या।
इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निमड़ी पूरे पिलाई गांव के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव खेत में मिला। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव व क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम को भेज कर घटना की गहन छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि विवाहिता की मौत का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव खेत में पड़ा मिलने के बाद मृतका के भाई की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि मृतका के भाई अमरेश यादव पुत्र कंधई निवासी पकड़ी का मठा मंज़रे हैंजना कलां, थाना बल्दी राय जनपद सुल्तानपुर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनकी बहन आरती देवी पुत्री कंधई की शादी कई साल पूर्व निमड़ी पूरे बक्शी गांव में एक युवक से हुई थी। जिसके बाद बहन ने दो बच्चों को जन्म दिया था। जिसके बाद उनकी बहन को निमड़ी पूरे पिलाई गांव निवासी डॉ बाबूराम यादव पुत्र राम भवन यादव ने अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और विगत एक साल से कोर्ट मैरिज करने का आश्वासन दे रहा था। डॉ बाबूराम यादव द्वारा जब कोर्ट मैरिज करने से इनकार किया गया तो बहन ने जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगा लिया। वही वरिष्ठ उपनिरीक्षक ब्रह्म दत्त पाण्डेय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर डॉ बाबूराम यादव के खिलाफ मुकदमा व आईपीसी के तहत केस दर्ज करके विधिक कार्यवाही की जा रही है।

