अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्धऔचक जांच का आयोजन
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। उत्तर रेलवे,लखनऊ मंडल द्वारा अवैध एवं अनाधिकृत वेंडरों की रोकथाम एवं इनपर अंकुश लगाने हेतु विभिन्न प्रकार की जांच प्रक्रियाओं को अमल में लाया जाता है | इसी क्रम में त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए आज दिनांक 27.03.2023 को मंडल के वाणिज्य विभाग की कैटरिंग टीम एवं रेल सुरक्षा बल द्वारा अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध संयुक्त रूप से एक औचक जांच का आयोजन किया गया | इस जांच के दौरान टीम द्वारा गाड़ी संख्या 13308 ( फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलुज एक्सप्रेस) के बाराबंकी स्टेशन पहुँचने पर सघन जांच की गयी एवं इस जांच के दौरान 02 वेंडरों को गाड़ी पर अनाधिकृत रूप से बिना किसी वैध प्राधिकार पत्र के खाने पीने का सामान बेचते हुए पाया गया एवं इसी क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या दो एवं तीन पर जांच के दौरान जांच टीम को देखते ही अनाधिकृत वेंडर अपना खाने पीने का सामान छोड़कर भाग गए I उक्त गाड़ी पर पकड़े गए दोनों वेंडरों से पूछताछ करने इन दोनों व्यक्तियों के पास से खाने पीने का सामान गाड़ियों एवं प्लेटफार्म पर बेचने सम्बन्धी कोई वैध प्राधिकार पत्र नहीं पाया गया। अतः उपरोक्त अनाधिकृत वेंडरों को इनके पास से पाए गए सामान सहित अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु रेल सुरक्षा बल बाराबंकी के सुपुर्द कर दिया गया |

