मकर संक्रांति पर अयोध्या में उमड़ा आस्था का जन सैलाब,पांच लाख श्रद्धालुओ ने लगाई सरयू मे डुबकी

मकर संक्रांति पर अयोध्या में उमड़ा आस्था का जन सैलाब,पांच लाख श्रद्धालुओ ने लगाई सरयू मे डुबकी

(राजन तिवारी जिला संवाददाता)

अयोध्या।रामनगरी अयोध्या मकर संक्रांति के पावन पर्व पर भक्ति और श्रद्धा के अद्भुत संगम में डूबी नजर आई। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण की शुरुआत का यह शुभ अवसर हजारों-लाखों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया।अनुमान के अनुसार करीब पांच लाख के आसपास श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य अर्जित किया। भोर होते ही ब्रह्म मुहूर्त से सरयू घाटों पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां हर हर महादेव और जय श्री राम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति पर सरयू में स्नान, दान और पूजन से समस्त पापों का नाश होता है तथा सूर्य देव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इसी आस्था से प्रेरित होकर अयोध्या समेत आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, बस्ती आदि से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह 4 बजे से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों ने उत्साह से सरयू की लहरों में डुबकी लगाई, उसके बाद तिल-गुड़ की खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया और दान-पुण्य किया।
स्नान के बाद श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां रामलला को विशेष श्रृंगार और खिचड़ी का भोग लगाया गया। हनुमानगढ़ी मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ रही, जहां हनुमान जी के दर्शन-पूजन के साथ पर्व का आनंद लिया गया। राम मंदिर में भक्तों ने रामलला के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना की और नई शुरुआत की कामना की।गोंडा से आए अर्जुन ने बताया मकर संक्रांति पर सरयू स्नान का अलग ही महत्व है।रामनगरी में आकर ऐसा लगता है जैसे सारे पाप धुल गए। आलोक ने कहा योगी सरकार की व्यवस्थाओं से इस बार बहुत सुगमता रही। यह पर्व न केवल स्नान-दान का है, बल्कि नए संकल्पों और सूर्य की ऊर्जा से जीवन को रोशन करने का भी प्रतीक है।अयोध्या में आज का जनसैलाब राम भक्ति और सनातन संस्कृति की जीवंतता का जीता-जागता प्रमाण बना।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।सरयू घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था, 24×7 प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और पार्किंग की सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। नगर निगम ने सैकड़ों कर्मचारियों को तीन पालियों में तैनात किया, ताकि कोई असुविधा न हो।एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। घाटों पर पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर तैनात थे। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग एवं मार्गदर्शन बोर्ड लगाए ग
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि प्रशासन की मुस्तैदी और भक्तों की अटूट श्रद्धा ने इस पर्व को यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसका विशेष ख्याल रखा गया है।अगले स्नान पर्व मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *