जनपद स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन

जनपद स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन

क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने अवगत कराया है कि उ0प्र0 शासन एवं जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिये गये निर्देश के अनुपालन में जिला खेल कार्यालय, जौनपुर के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस दिनांक 24 जनवरी, 2026 को जनपद स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी एवं जूनियर बालक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन इन्दिरा गांधी स्पोट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में प्रातः 9 बजे से किया जा रहा है।

इच्छुक टीमें अपनी प्रविष्टि प्रतियोगिता से एक दिन पूर्व की अपरान्ह 5.00 बजे तक जिला खेल कार्यालय, इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर जौनपुर में निर्धारित प्रारूप पर अवश्य उपलब्ध करायें। कबड्डी एवं खो-खो टीम में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक की संख्या 12 प्लस 1 होगी। जूनियर आयु वर्ग की प्रतियोगिता में जनपद की कुल 08 टीमों को प्रविष्टि दी जायेगी, प्रविष्टि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जायेगी। कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों की जन्म तिथि 01.07.2007 के पूर्व की न हो।

खिलाड़ी आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड एवं हाईस्कूल का मूल प्रमाण पत्र अपने साथ लेकर आयेंगे। आयु निर्धारण के लिए इन्हीं अभिलेखों को आधार माना जायेगा। विद्यालय की टीमें अपनी प्रविष्टि विद्यालय के प्रधानाचार्य या खेल अध्यापक के माध्यम से करायेंगी। प्रतियोगिता समाप्ति उपरान्त खिलाड़ियों/टीमों को पुरस्कृत किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय, जौनपुर में सम्पर्क कर सकते हैं।
——–
जौनपुर, 21 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02

प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का मुरादाबाद में आयोजन

क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के तत्वावधान में खेल विभाग उ0प्र0 एवं उ0प्र0 कुश्ती संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय सीनियर पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 जनवरी, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में किया जा रहा है।

उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के सीनियर पुरूष कुश्ती खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण दिनांक 22.01.2026 को पूर्वान्ह 10.00 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित कुश्ती खिलाड़ी ही दिनांक 23 जनवरी, 2026 को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रातः 10.00 बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे।

मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इच्छुक खिलाड़ी जन्म प्रमाण एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ, हाई स्कूल अंक पत्र व एक पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति लेकर जनपदीय चयन/परीक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन परीक्षण में प्रतिभाग हेतु खिलाड़ी की जन्म तिथि वर्ष 2008 से पूर्व की होनी चाहिए। सीनियर पुरूष कुश्ती फ्री-स्टाईल का निर्धारित भार वर्ग- 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97, 125 किग्रा0 एवं ग्रीको रोमन में भारवर्ग- 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 व 130 किग्रा0 होना चाहिए।

———
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *