केंद्र और प्रदेश सरकारें ‘SIR’ की आड़ में NRC लागू करने की साजिश रच रही हैं: राममूर्ति वर्मा

ब्यूरो प्रमुख

विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

केंद्र और प्रदेश सरकारें ‘SIR’ की आड़ में NRC लागू करने की साजिश रच रही हैं: राममूर्ति वर्मा
जौनपुर,21 जनवरी
। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा गुरुवार को महान समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि मनाई गई। नगर के होटल रिवर व्यू में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके समाजवादी विचारों पर चर्चा की गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

पुण्यतिथि कार्यक्रम के बाद ‘SIR’ कार्य की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व मंत्री और टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी जनपद पहुंचे। जिला महासचिव आरिफ हबीब ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि राममूर्ति वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जनेश्वर मिश्र को उनके समाजवादी विचारों के प्रति दृढ़ता के कारण ‘छोटे लोहिया’ की उपाधि मिली थी। उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर हम उन्हें नमन करते हैं और उनके बताए रास्ते पर चलने का पुनः संकल्प लेते हैं।

वर्मा ने ‘SIR’ कार्यक्रम पर भी बात की और कहा कि समाजवादी पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकारें ‘SIR’ की आड़ में NRC लागू करने की साजिश रच रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के लोग मतदाता सूची से बाहर हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समाजवादी प्रहरी ऐसा नहीं होने देंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि स्व. जनेश्वर मिश्र समाजवादियों के लिए सदैव आदर्श रहे हैं। उनके विचार हमेशा समाजवादियों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विचारों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *