गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार को न्यू इंदिरापुरम के आधार पर विकसित किया जाएगा, जल्द ही प्लाट आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद: गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार योजना को नए साल में न्यू इंदिरापुरम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। आवास विकास परिषद यहां एक साथ कई बड़ी आवासीय और व्यावसायिक योजनाएं शुरू करने जा रही है, जिससे घर, दुकान और प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह इलाका प्रमुख विकल्प बन सकता है।
आवास विकास अधिकारियों के अनुसार, सिद्धार्थ विहार में ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट, रेजिडेंशियल प्लॉट, कमर्शियल प्लॉट के साथ-साथ बेहतर कनेक्टिविटी के लिए हिंडन बैराज के पास 4 लेन का पुल बनाया जाएगा। इस पुल की एक लीफ को एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों तक आवागमन और सुगम होगा।
सिद्धार्थ विहार सेक्टर-5 में कुल 170 रेजिडेंशियल प्लॉट प्रस्तावित हैं, जिन्हें रेरा से मंजूरी मिल चुकी है। प्लॉटों की कीमत तय करने के लिए मुख्यालय से पत्राचार चल रहा है। अधिकारियों का दावा है कि फरवरी के पहले सप्ताह तक दरें फाइनल कर पंजीकरण की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा।
योजना में हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग साइज के प्लॉट काटे गए हैं। संपत्ति प्रभारी पी.एस. रावत ने बताया कि योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और रोजाना 3 से 4 लोग जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *