छलांग के छह दिन बाद शारदा बड़ी नहर में मिला युवती का मिला शव
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।महाराजगंज थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद नहर में कूदकर लापता हुई युवती का शव छह दिन बाद शारदा बड़ी नहर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्राम गोविंदपुर मजरे खानपुर निवासी सविता गौड़ उर्फ चुलबुली (20) बीते दिनों घर से नाराज होकर निकल गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने बिल्हार घाट बड़ी नहर पुल पर अपनी चप्पल और मोबाइल रखकर नहर में छलांग लगा दी थी। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह गहरे पानी में डूब गई। घटना की सूचना पर पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची थी और तभी से उसकी तलाश कराई जा रही थी।बुधवार सुबह ग्राम दतौली के पास शारदा बड़ी नहर में एक शव बहता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान उसके भाई उमेश ने सविता के रूप में की।थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

