महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बना ज्ञान उत्साह प्रेरणा का हब
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्याधाम ज्ञान, उत्साह और प्रेरणा का केंद्र बना,जब जनपद गोंडा के सभी ब्लॉकों के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण हेतु हवाई अड्डे का दौरा किया।विमानपत्तन निदेशक धीरेंद्र सिंह जी ने सभी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें प्रवेश पास प्रदान किए तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे बच्चों को हवाई अड्डे की प्रत्येक प्रक्रिया — सुरक्षा व्यवस्था, चेक-इन प्रणाली, एटीसी संचालन, यात्री सुविधाएं एवं विमान प्रबंधन — के बारे में विस्तार से जानकारी दें।गोंडा जनपद के निम्नलिखित 17 ब्लॉकों जिसमे बभनजोत, बेलसर, छपिया, कर्नलगंज, हलधरमऊ, इटियाथोक, झंझरी, कटरा बाजार, मनकापुर, मुजेहना, नवाबगंज, पण्डरी कृपाल, परसपुर, रूपईडीह, तरबगंज, वजीरगंज एवं नगर क्षेत्र — के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर सहभागिता की।विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्सुकता और भविष्य के सपनों की चमक स्पष्ट दिखाई दे रही थी। हवाई अड्डे के आधुनिक स्वरूप और व्यवस्थाओं को देखकर कई विद्यार्थियों ने विमानन क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा भी व्यक्त की।अंत में श्री धीरेंद्र सिंह जी ने सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं देते हुए प्रेरणादायक संदेश के साथ स्नेहपूर्वक विदा किया।यह शैक्षिक भ्रमण न केवल जानकारीपूर्ण रहा, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला सिद्ध हुआ।

