व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण ही संघ का ध्येय: युद्धवीर

व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण ही संघ का ध्येय: युद्धवीर

संगठित समाज ही शक्तिशाली राष्ट्र की आधारशिला

जौनपुर, 01 मार्च । जौनपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार परिवार मिलन का वार्षिकोत्सव रविवार को तिलकधारी इंटर कॉलेज के प्रांगण में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने सामूहिक आसन, योग, समता, व्यायाम एवं गीत का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
वार्षिकोत्सव के मुख्य वक्ता पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सेवा प्रमुख युद्धवीर जी ने कहा कि वार्षिकोत्सव वर्षभर संचालित शाखाओं में होने वाले शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण का सार्वजनिक प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि संघ की शाखा व्यक्ति निर्माण का प्रमुख माध्यम है, जहां विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का समग्र विकास किया जाता है। शाखा से तैयार स्वयंसेवक समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन का कार्य करते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिकता और अनुशासन का भाव आवश्यक है। संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। सेवा, समर्पण और संस्कार के माध्यम से समाज को एकजुट करना संघ का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, सेवा भारती, हिंदू जागरण मंच, विद्या भारती, किसान संघ, आरोग्य भारती एवं भूतपूर्व सैनिक परिषद सहित लगभग 20 संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य शिक्षक वीरेंद्र जी ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय विभाग संपर्क प्रमुख डॉ. उदय ने कराया।
इस अवसर पर विधायक शाहगंज रमेश सिंह, पूर्व विधायक हरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, विभाग प्रचारक आदित्य जी, विभाग कार्यवाह डॉ. नितेश, सह विभाग कार्यवाह डॉ. नागेंद्र जी, जिला कार्यवाह रजनीश, सह जिला कार्यवाह रविंद्र एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *