गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय बालक की मौत

गड्ढे में डूबने से 5 वर्षीय बालक की मौत

जौनपुर,16 फरवरी । यूपी के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जदइपुर गोरा पट्टी गांव में एक हृदयविदारक घटना में गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी सूफियान (5) पुत्र मुख्तार शाह, निवासी जदइपुर गोरा पट्टी, रविवार शाम लगभग छह बजे अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पीआरवी 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोजबीन की, पर सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह पुनः तलाश के दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूर बने एक सोख्ता गड्ढे में बच्चे का शव उतराया मिला। बताया गया कि गड्ढे में चार से पांच फीट तक पानी भरा था। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि बालक खेलते समय गड्ढे में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मृत्यु हुई। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *