अलविदा जुमे पर जौनपुर की मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन के लिए मांगी दुआ
जौनपुर, 13 मार्च। यूपी के जौनपुर में रमजान के पवित्र महीने के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमे के अवसर पर जौनपुर की प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर देश और प्रदेश की खुशहाली, अमन-चैन तथा भाईचारे के लिए दुआ मांगी।
शहर की ऐतिहासिक शाही अटाला मस्जिद में मौलाना अहमद नवाज ने नमाज-ए-जुमा अदा कराई, जबकि मौलाना आफाक ने रमजान की फजीलत बयान करते हुए कहा कि रमजान इबादत और बरकत का महीना है। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग विशेष रूप से तरावीह की नमाज अदा करते हैं, जो केवल रमजान में ही पढ़ी जाती है।
शाही जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) में मौलाना अबू हुरैरा ने नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन तथा भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की। वहीं मदरसा हनफिया, नवाब यूसुफ रोड स्थित मदीना मस्जिद में मौलाना अहमद रजा जाफरी ने नमाज पढ़ाई। इस अवसर पर मौलाना कयामुद्दीन ने कहा कि रमजान का महीना इबादत के साथ-साथ गुनाहों से बचने और तौबा करने का भी समय है।
खानकाह मस्जिद में मौलाना हाफिज मेराज ने कहा कि रमजान गरीबों, बेसहारा लोगों और जरूरतमंदों की मदद करने का भी महीना है। इसके अलावा शाही किला मस्जिद, शाही झंझरी मस्जिद, शाही लाल दरवाजा मस्जिद, लाल मस्जिद, इलाही मस्जिद उर्दू बाजार, चहारसू मस्जिद, कचहरी मस्जिद, मीरपुर मस्जिद और मियांपुर मस्जिद सहित शहर और आसपास की अन्य मस्जिदों में भी अलविदा जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई।
अलविदा जुमे की नमाज को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। नमाज से पहले जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने शहर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाही पुल स्थित शिया जामा मस्जिद में मौलाना महफूजुल हसन ने नमाज अदा कराई, जहां लगभग पांच हजार नमाजियों ने नमाज अदा की।
सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पूरे शहर को सेक्टर और जोन में बांटकर पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

