सेहरा गांव में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर,15 अप्रैल। यूपी के जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के सेहरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सेहरा गांव निवासी पवन सिंह (32)पुत्र दिवाकर सिंह का शव उनके घर के पास पेड़ पर लटका मिला। बुधवार सुबह परिजनों की नजर पड़ते ही घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, पवन सिंह अविवाहित था और पिछले कुछ समय से नशे की लत से जूझ रहा था। हालांकि, मौत के पीछे के वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है। विधिक कार्रवाई की जा रही
है।

