अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट ने निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू की
जौनपुर में महिलाओं, बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
जौनपुर। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट ने महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जौनपुर शहर में एक माह की निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया है। यह कार्यशाला टी.डी. कॉलेज दक्षिणी गेट के पास स्थित टीप टॉप ब्यूटी पार्लर में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्घाटन महिला थाना अध्यक्ष श्रीमती श्यामा तिवारी ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा नारी उत्थान और उनकी आत्मनिर्भरता के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन निश्चित रूप से प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रभावी साबित होगा।
विशिष्ट अतिथि तेज डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका श्रीमती बबीता सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की यह मुहिम युवतियों को अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेगी और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करेगी। ट्रस्ट की सदस्य उर्वशी सिंह ने बताया कि ट्रस्ट परिवार द्वारा इस तरह के कई प्रशिक्षण शिविर पहले भी आयोजित किए जा चुके हैं, और वर्तमान में खुज्झी चंदवक में भी एक शिविर चल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि जौनपुर शहर में इस बार कार्यशाला आयोजित करने का उद्देश्य था, और यहां की महिलाओं व बच्चियों का उत्साह देखकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। बड़ी संख्या में घरेलू महिलाएं और बच्चियां इस कार्यशाला में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं।
प्रशिक्षिका सीमा गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद हर सप्ताह एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली बच्चियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनमें सीखने की चाह और उत्साह बना रहेगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से ट्रस्ट परिवार के सदस्य डॉ. पूनम सिंह, ज्ञान चंद गुप्ता, रजनी सोनी और प्रशिक्षक आलिया, रीना, सुधा, रिशू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव श्रीमती राधिका सिंह ने सभी का आभार व्य
क्त किया।

