अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर मेला-गोष्ठी सम्पन्न
-उत्कृष्ट महिला किसानों का किया गया सम्मानित
अयोध्या। अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान मेला-गोष्ठी, प्रदर्शनी एवं महिला किसान दिवस का आयोजन बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक श्रीमती रोली सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और निजी प्रतिष्ठानों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। अपने संबोधन में रोली सिंह ने कहा कि यह मातृशक्ति के लिए हर्ष का विषय है कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किया गया है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए मातृशक्ति का सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि महिलाएं समूह बनाकर नवाचार करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण, बीज उपचार, कृषि यंत्र और बखारी पर अनुदान दिया जा रहा है, जिसका लाभ ऑनलाइन आवेदन कर लिया जा सकता है। कार्यक्रम में चना, मटर, मसूर के निःशुल्क बीज मिनीकिट और कृषि यंत्रों के चयन पत्रों का वितरण किया गया। साथ ही प्रत्येक विकासखंड से 5-5 उत्कृष्ट महिला किसानों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. ए.के. मिश्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रदेव माहर, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा, उपायुक्त सरिता गुप्ता, मत्स्य अधिकारी सुषमा निषाद, निदेशक शोध डॉ. सौरभ दीक्षित, अधिष्ठाता डॉ. साधना सिंह सहित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में महिला कृषक उपस्थित रहीं। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी का आभार व्यक्त किया
।

