आपके द्वार’ पहल के तहत गांव-गांव पहुंच रही पशु चिकित्सकों की टीमें, लम्पी से बचाव के लिए सघन टीकाकरण
लखनऊ,(आरएनएस )। पशुपालन विभाग की ओर से ‘आपके द्वार’ पहल के तहत सेवा संकल्प अभियान-2026 के दौरान प्रदेशभर में पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और जन जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पशु चिकित्सकों की विशेष टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं और पशुपालकों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। इसके साथ ही लम्पी त्वचा रोग से पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए सघन टीकाकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है।पशुपालन विभाग के निदेशक प्रशासन एवं विकास डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक औषधियां और प्रचार-प्रसार सामग्री भी पशुपालकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। पशु रोग नियंत्रण के लिए बड़े स्तर पर टीकाकरण कराया जा रहा है, वहीं बीमार पशुओं के त्वरित उपचार के लिए निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर भी लगाए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि अभियान में लम्पी त्वचा रोग की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया गया है। पशुपालकों को समय से टीकाकरण कराने और पशुओं के स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। गांवों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी सीधे पशुपालकों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।अभियान के दौरान पशुओं में नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं की कान में पहचान पट्टी लगाने, स्वदेशी नस्लों के संवर्धन और निराश्रित गोवंश के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सेवाएं उनके गांव और घर के नजदीक उपलब्ध कराने के साथ पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुंचाना है।पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सा शिविर अथवा पशु चिकित्सालय में पहुंचकर टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। पशुओं से संबंधित किसी समस्या अथवा समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1962 और 1800-180-5141 पर संपर्क किया जा सकता है।
आपके द्वार’ पहल के तहत गांव-गांव पहुंच रही पशु चिकित्सकों की टीमें, लम्पी से बचाव के लिए सघन टीकाकरण
——————-

