उल्टा चलकर सीधी बात समझाने निकले मेरठ के दिनेश तलवार
प्रयागराज में उठाई जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग
प्रयागराज। देश में बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण की मांग को लेकर पिछले 32 वर्षों से अभियान चला रहे मेरठ निवासी दिनेश तलवार ने प्रयागराज में जिलाधिकारी कार्यालय से अपनी पदयात्रा शुरू की। हाथ में जनसंख्या नियंत्रण की मांग वाली तख्ती लेकर उन्होंने शहर की सड़कों पर लोगों से संवाद किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक अपनी आवाज पहुंचाने की अपील की।
दिनेश तलवार ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठाई। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग करें।
दिनेश तलवार पिछले 32 वर्षों से अपनी पत्नी दिशा तलवार और परिवार के सहयोग से जनसंख्या नियंत्रण के लिए देशभर में अभियान चला रहे हैं। इस दौरान वे 400 से अधिक शहरों में पदयात्राएं कर चुके हैं और सरकार तथा प्रधानमंत्री को हजारों पत्र भेज चुके हैं। उनका कहना है कि वे प्रतिदिन देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग उठाते हैं।

