कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षकों को मिलेगा बड़ा संबल : सीमा द्विवेदी
शिक्षकों ने राज्यसभा सांसद को धन्यवाद पत्र सौंपकर जताया आभार
जौनपुर,11 जून।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अमित सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी से गोनापार स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने सांसद को गुलदस्ता एवं धन्यवाद पत्र भेंट कर आभार व्यक्त किया।
शिक्षकों का आभार स्वीकार करते हुए राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राष्ट्रनिर्माता शिक्षकों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के संकल्प पत्र में किए गए वादे को पूरा करते हुए सरकार ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा की ऐतिहासिक सौगात दी है, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को आपातकालीन स्वास्थ्य परिस्थितियों में बड़ी राहत और सुरक्षा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि योगी सरकार का यह निर्णय शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी साबित होगा। इसके लिए शिक्षक समुदाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधाकर उपाध्याय, भाजपा जिलामंत्री डॉ. देवी प्रकाश सिंह, शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सिंह लोहिया, गौरव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थि
त रहे।

