ब्यूरो चीफ /सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एक हाईराइज़ सोसायटी में मंगलवार देर रात एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, टीएनटी टावर सोसायटी में रहने वाली महिला भावना के घर उनकी मां फूलवती दो दिन पहले आई थीं। मंगलवार रात करीब 3 बजे उनका शव सोसायटी परिसर में खड़ी एक कार के पास मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है, क्योंकि उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। फिलहाल आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है, लेकिन अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोसायटी प्रबंधन की ओर से घटना के बाद परिसर की सफाई कराई गई।

