गाजियाबाद के खोड़ा में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर चोर हुआ गिरफ्तार, 50 कार्ड और आईफोन हुए बरामद

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद बुधवार को खोड़ा थाना पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास से आरोपी आकाश कुमार उर्फ अक्की पंडित (26) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एटीएम के बाहर उन लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें नकदी निकालने में कठिनाई होती थी। मदद का झांसा देकर वह पहले पीड़ित का एटीएम कार्ड देखता और उसी बैंक व रंग का दूसरा कार्ड बदल देता था। बातचीत के दौरान वह चालाकी से पीड़ित का पिन नंबर भी जान लेता और पूरी प्रक्रिया अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लेता था। इसके बाद वह दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न एटीएम से पीड़ितों के खातों से नकदी निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 50 एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि खोड़ा थाने के अलावा दिल्ली के विभिन्न थानों में भी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस ठगी के नेटवर्क में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *