ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद: गाजियाबाद में बढ़ते हुए जाम की समस्या को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने जाम को कम करने के लिए पांच प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया है, जहां पर सुबह शाम काफी जाम लगता हैं इनमें काला पत्थर, मालीवाडा चौक सिटी जोन, सीआईएसफ चौक इंदिरापुरम, चौधरी मोड़ सिटी जोन तथा नागद्वार मोहननगर जोन को शामिल किया गया है | नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर पहले चरण में इन पांच चिन्हित स्थलों का ड्रोन सर्वे किया जाएगा, इसके उपरांत इन स्थलों की जाम समस्या को समझते हुए समाधान की कार्यवाही की जाएगी| जाम वाली सड़कों पर आवश्यक कट या आवश्यक यू-टर्न बनाए जाने हैं या अवैध अतिक्रमण को समाप्त करते हुए रेहड़ी पटरी को व्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा| नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा निगम अधिकारियों सहित संभव जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को जन समस्याओं को सुना गया| जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को 10 शिकायतें प्राप्त हुई, जिन पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं | इनमें निर्माण विभाग से तीन, टैक्स विभाग से एक, जलकल विभाग से तीन, स्वास्थ्य विभाग से दो तथा अन्य विभाग से एक-एक शिकायतें प्राप्त हुई हैं| इस जनसुनवाई के मौके पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज और इनके अलावा अन्य कई अधिकारी भी उपस्थित रहे|

