जफराबाद में मासूम बच्ची हत्याकांड सांसद प्रिया सरोज ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कठोर कार्रवाई की मांग

जफराबाद में मासूम बच्ची हत्याकांड सांसद प्रिया सरोज ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कठोर कार्रवाई की मांग

 

जौनपुर। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर सांसद प्रिया सरोज पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की और भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी हैं।

सांसद प्रिया सरोज ने प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित सभी संबंधित धाराओं में कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों को शीघ्र कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों के प्रति किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता और हरसंभव सरकारी मदद उपलब्ध कराने की भी मांग की। सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में परिवार को न्याय के साथ-साथ हर प्रकार का सहयोग मिलना आवश्यक है।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अवधनाथ पाल, राहुल त्रिपाठी, डॉ. सरफराज खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने और मामले की निष्पक्ष व त्वरित सुनवाई की मांग की।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *