जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल चलो रैली के दौरान पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल चलो रैली के दौरान पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिक्षा प्राप्त करना प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। हम सभी का दायित्व है कि कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रहे। यह बातें बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने गुरुवार को सिरकोनी क्षेत्र के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय नाथूपुर में आयोजित स्कूल चलो अभियान रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला सहित समस्त शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे का नियमित रूप से विद्यालय पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए अभिभावकों की जागरूकता और सहयोग बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख बंशराज सिंह ने की। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंतर्गत ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी आशुतोष सिंह, शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष लाल साहब यादव, रविचंद्र यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र सिंह रानू, लक्ष्मीकांत सिंह, डॉ. भारती सिंह, राम मिलन, रेनू सिंह, अनिल मौर्य, श्वेता पाल, ऋतु गौड़, आकांक्षा मौर्य, शालू निषाद, खुशबू मौर्य, शक्ति सिंह, अभिषेक सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
———–
जौनपुर, 16 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञाप्ति संख्या 06

मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन, जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण), सेतु निगम, नगर पालिका परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों की विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की।

मा० राज्यमंत्री जी के द्वारा लोक निर्माण विभाग की सड़कों और सेतुओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद भी ठेकेदारों द्वारा प्रारंभ नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होने निर्देशित किया कि सड़के गडढामुक्त होनी चाहिए किसी प्रकार की घटना घटित होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

समीक्षा के दौरान मा. राज्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को समय से पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। रोड रेस्टोरेशन की समीक्षा के दौरान मा. मंत्री ने संबंधित विभागों से सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर उनके सुधार की कार्ययोजना तत्काल तैयार कराई जाए, नगर क्षेत्र की सभी सड़कें अच्छी स्थिति में हों। बिना अनुमति सड़क खोदने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भण्डारी स्टेशन से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक की सड़क का शीघ्र मरम्मत कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की जिन सड़कों का टेंडर हो चुका है, उन पर तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए।

मा. राज्यमंत्री जी ने सभी विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान फोटो अनिवार्य रूप से लिए जाएं तथा यदि किसी कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *