डीएम सैमुअल पॉल एन. का कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यलय का किया निरीक्षण, गंदगी पर नाराजगी

डीएम सैमुअल पॉल एन. का कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यलय का किया निरीक्षण, गंदगी पर नाराजगी

लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण व साफ-सफाई के सख्त निर्देश

जौनपुर, 06 मई। यूपी के जौनपुर में नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयी कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों तथा जनहित से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। कई कार्यालयों में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नजारत कक्ष का निरीक्षण करते हुए एआरके बाबू से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेंशन व अन्य देयकों का भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए, जिससे कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके साथ ही एलआरसी से वेतन भुगतान की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की देरी न करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने आईजीआरएस कक्ष, अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय, भूमि राजस्व अनुभाग, उप जिलाधिकारी न्यायालय सदर, नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लीगल एड क्लिनिक, तहसील विधिक सेवा समिति, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, भूलेख अनुभाग, आपदा प्रबंधन कार्यालय, अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, उप जिलाधिकारी सदर कार्यालय तथा जनगणना कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने आईजीआरएस से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और तत्परता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपर जिलाधिकारी को कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुचारू बनाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन, उपजिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह तथा जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *