देवा मेला से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, पार्किंग और सुरक्षा का खाका तैयार

देवा मेला से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, पार्किंग और सुरक्षा का खाका तैयार

डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां, लापरवाही पर समय रहते सुधार के निर्देश

 

बाराबंकी। आगामी 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले देवा मेला में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। सड़क पर गड्ढे मिलने पर उन्हें तत्काल भरने के निर्देश दिए, वहीं पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का जोर है कि मेले में आने वाले जायरीनों और मेलार्थियों को आवागमन से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक किसी तरह की परेशानी न हो। डीएम और एसपी ने देवा-बाराबंकी मार्ग पर प्रस्तावित पार्किंग स्थल और मामापुर पुलिया के पास यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मेले में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा यातायात संचालन की ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहनों की आवाजाही ऐसी रहे कि जाम की स्थिति न बने। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सांस्कृतिक पंडाल तक जाने वाले वीआईपी मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। सड़क पर गड्ढे मिलने पर डीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों और संपर्क रास्तों को दुरुस्त कर लिया जाए। गेस्ट हाउस और वारसी इंटर कॉलेज में प्रस्तावित पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिसकर्मियों के ठहरने और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं समय से पूरी कराने को कहा गया। देवा मेला ऑडिटोरियम में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास और सुरक्षा इंतजामों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने एसडीएम नवाबगंज को प्रतिदिन तैयारियों की निगरानी कर लंबित कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम पूरा करने को कहा, ताकि 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले देवा मेला-2026 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान एडीएम निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, एएसपी विवेक तिवारी, सीओ सदर संगम कुमार और देवा नगर पंचायत अध्यक्ष हारून वारसी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *