नाबालिग से दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, (आरएनएस)। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, शारीरिक एवं मानसिक शोषण तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को पीड़िता के पिता ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी करीब 17 वर्षीय पुत्री की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया तथा उसके साथ शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया। पीड़िता को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया।मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 601/2026 दर्ज किया। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 64(1), 351(3), 115(2), पाक्सो अधिनियम की धारा 3/4 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 ई के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने 3 सितंबर 2026 को मामले में नामजद आरोपी शिवम रावत पुत्र रामसनेही रावत, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी बुद्धू खेड़ा, माजरा बरौना, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सुशांत गोल्फ सिटी, कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।

—————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *