पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार का इनामी प्रमोद गिरफ्तार

 पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार का इनामी प्रमोद गिरफ्तार
आजमगढ़  थाना कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के कथित सरगना और ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त प्रमोद कुमार को लखनऊ के परिवर्तन चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।पुलिस के मुताबिक, प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ा आईमा, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़, अपने साथियों के साथ आजमगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सठियांव बाजार स्थित एक गैरेज में ले जाकर उनके पार्ट्स अलग किए जाते थे। इसके बाद कुछ पार्ट्स कबाड़ी को बेचने और कुछ को अन्य मोटरसाइकिलों में इस्तेमाल करने की बात पुलिस जांच में सामने आई थी।
छह सदस्य पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 10 दिसंबर 2024 को थाना कोतवाली पुलिस ने बवाली मोड़ के पास वाहन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में सूचना मिलने पर बागलखराव पुलिया के पास घेराबंदी की थी। मौके से छह लोगों—मोनू चौहान, बब्लू चौहान, प्रमोद कुमार, मुनचुन चौहान, कमलेश चौहान और अंकित यादव—को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। तलाशी में बब्लू चौहान और प्रमोद कुमार के पास से .315 बोर के एक-एक तमंचे और कारतूस भी बरामद होने का दावा पुलिस ने किया था।पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सठियांव बाजार स्थित अवधेश ऑटो गैरेज की तलाशी ली, जहां से चार चोरी की मोटरसाइकिलें और विभिन्न मोटरसाइकिल पार्ट्स बरामद किए गए। इसके अलावा कबाड़ी की दुकान से दो चेचिस, दो इंजन, एक टंकी, चार आगे के शॉकर, चार पीछे के शॉकर, दो चैन स्प्रोकेट और चार पैर स्टैंड समेत अन्य सामान बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों से संबंधित मुकदमे आजमगढ़ के विभिन्न थानों के अलावा दिल्ली के मुखर्जी नगर नॉर्थ वेस्ट थाने में भी दर्ज पाए गए।
गैंगस्टर एक्ट में दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरोह द्वारा संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों के जरिए आर्थिक और अन्य लाभ हासिल किए जाने के आरोपों के आधार पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत गैंगचार्ट तैयार किया गया था। जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा 28 फरवरी 2026 को गैंगचार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 102/26, धारा 2(B)(1)/3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।इस मामले में वांछित प्रमोद कुमार की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
परिवर्तन चौक से पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली आजमगढ़ और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ के परिवर्तन चौक चौराहे के पास प्रमोद कुमार को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रमोद कुमार के खिलाफ आजमगढ़ के थाना कोतवाली और मुबारकपुर में चोरी, चोरी का माल रखने/खरीदने-बेचने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल 12 मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा और हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह शामिल रहे। वहीं एसटीएफ मुख्यालय की टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल सिंह, मुख्य आरक्षी नीरज पाण्डेय और मुख्य आरक्षी नितिन सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *