पूर्व कुलपति प्रो सुंदरलाल के निधन पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शोकसभा आयोजित
जौनपुर,31 जनवरी ।यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर सुंदरलाल के आकस्मिक निधन पर विश्वविद्यालय के सरस्वती सदन में शनिवार को शोकसभा का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर सुंदरलाल का निधन बीती रात उनके निज आवास आगरा में हो गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोफेसर सुंदरलाल ने अपने कार्यकाल में विश्वविद्यालय को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने हेतु अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने ‘बापू बाजार’ जैसी अभिनव योजनाओं के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को समाज से सीधे जोड़ने का सार्थक प्रयास किया। उनका निधन विश्वविद्यालय परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। प्रोफेसर सुंदरलाल वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 15वें कुलपति थे। उनका कार्यकाल 21 दिसंबर 2010 से 20 दिसंबर 2013 तक रहा। वे डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के गणित विभाग में प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के उपरांत भी वे आगरा विश्वविद्यालय में नियमित रूप से गणित विषय का अध्यापन कार्य कर रहे थे।
शोकसभा में विश्वविद्यालय के कुलसचिव केशलाल द्वारा शोक संदेश का पाठ किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर प्रमोद यादव, प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह, प्रोफेसर मानस पांडेय, प्रोफेसर मनोज मिश्रा, प्रोफेसर मुराद अली, प्रोफेसर गिरधर मिश्रा, प्रोफेसर प्रदीप कुमार, प्रोफेसर संतोष कुमार, डॉ. रषिकेश, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. मंगला यादव, उपकुलसचिव अजीत कुमार, बबीता सिंह, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वारिन्द्र यादव, पूर्व महामंत्री रमेश यादव, डॉ. इंद्रेश गंगवार, सुशील प्रजापति सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

