बार एसोसिएशन की कमान शारदा प्रताप मिश्र को, सूर्यनाथ यादव महासचिव निर्वाचित
शालिनी तिवारी ने उपाध्यक्ष पद पर दर्ज की शानदार जीत, दोपहर में ही घोषित हुआ चुनाव परिणाम
फोटो न0-01, 02
सुलतानपुर। जिला बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर शारदा प्रताप मिश्र ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि सूर्यनाथ यादव महासचिव निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर शालिनी तिवारी ने भी बड़ी जीत हासिल की। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का अधिवक्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
नगर के खुर्शीद क्लब मैदान प्रांगण में गुरुवार को मतगणना कराई गई। खास बात यह रही कि इस बार चुनाव परिणाम शाम तक खिंचने के बजाय दोपहर में ही घोषित कर दिया गया। अधिवक्ताओं के बीच इसकी चर्चा रही और समयबद्ध मतगणना के लिए जिला न्यायपालिका एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की गई। पूर्व के चुनावों में परिणाम देर शाम तक आने की स्थिति रहती थी।
अध्यक्ष पद पर शारदा प्रताप मिश्र की जीत
अध्यक्ष पद पर कुल 17 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। शारदा प्रसाद मिश्र ने सर्वाधिक 502 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अखिलेश शुक्ल को 390 वोट मिले। सभाजीत सिंह को 225, अमरनाथ यादव को 149, ज्ञान प्रकाश तिवारी को 70, रवींद्र प्रताप सिंह को 31, हेमंत मिश्र को 48, ध्रुवराज सिंह को 21, विजय श्रीवास्तव को 68, करुणा शंकर दुबे को 55, उदय प्रताप सिंह को 44, जय प्रकाश सिंह को 57, जय प्रसाद तिवारी को 32, राजेंद्र प्रसाद सिंह को 16, बद्री प्रसाद पांडेय को 41, राज कुमार सिंह को 39 तथा तेज बहादुर सिंह को पांच वोट मिले।
सचिव पद पर सूर्यनाथ यादव ने मारी बाजी
सचिव पद पर सूर्यनाथ यादव ने 549 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर रहे जयंत मिश्रा को 329 वोट मिले। वीरेंद्र सिंह को 309, मदन तिवारी को 151, जयंत सिंह को 113, रवि पांडेय को 98, रोहित अवस्थी को 91, गिरजा श्रीवास्तव को 62, राकेश पांडेय को 49, आनंद पांडेय को 13, कपिल पांडेय को 12, देवी प्रसाद अग्रवाल को सात और व्यास नारायण दुबे को छह वोट मिले।
शालिनी तिवारी ने उपाध्यक्ष पद पर मारी बाजी
उपाध्यक्ष पद पर शालिनी तिवारी ने 829 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी संगीता को 718 मत, जबकि सीमा को 239 मत प्राप्त हुए। शालिनी तिवारी की जीत को चुनाव की प्रमुख उपलब्धियों में माना जा रहा है।
अन्य पदों पर भी परिणाम घोषित
चुनाव में करुणा शंकर पांडेय को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शालिनी तिवारी को उपाध्यक्ष, शोभावती को सह सचिव प्रशासन, शिव बहादुर मौर्य को सह सचिव खुर्शीद क्लब तथा अमित मिश्रा को सह सचिव पुस्तकालय निर्वाचित घोषित किया गया। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राज कुमार गौड़, अनीस अहमद और ध्रुवराज पांडेय चुने गए। वहीं कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पद पर नीतू यादव, पूजा सिंह, राम भवन मौर्य और रोमेश पांडेय निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को समर्थकों ने बधाई दी। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से बार और अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई।
हाईकोर्ट की निगरानी में शांतिपूर्ण चुनाव
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव हाईकोर्ट की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। खुर्शीद क्लब मैदान परिसर में कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीन कुमार यादव समेत कई थानों की पुलिस तैनात रही।
बार को प्रदेश में नंबर वन बनाना प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा प्रताप मिश्र ने कहा कि बार एसोसिएशन को उत्तर प्रदेश में नंबर एक बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण और उनके हितों के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बार एसोसिएशन में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर स्तर पर भ्रष्टाचार पर रोक लगाने का प्रयास होगा। अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और न्यायिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन और न्यायपालिका का विशेष आभार व्यक्त किया।
कुड़वार में चोरों का आतंक, दो घरों को बनाया निशाना
एक घर से लाखों के जेवर व नकदी साफ
दूसरे में बाइक तोड़कर अनाज भी उठा ले गए चोर, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
सुलतानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की चौकसी को धता बताते हुए 14 अक्टूबर की रात दो घरों को निशाना बनाया। एक घर से करीब 3 से 4 लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए, जबकि दूसरे घर में चोरी में असफल होने पर चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बंसा का पुरवा निवासी रामविलास यादव पुत्र गुरुचरण यादव के घर में अज्ञात चोर रात के अंधेरे में घुस गए। चोरों ने अलमारी में रखे करीब 3 से 4 लाख रुपये के कीमती जेवरात और 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। सुबह परिवार के लोग कमरे से बाहर निकले तो दूसरे कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इसके बाद चोरों ने बगल के दुर्गेश कुमार उपाध्याय के घर को निशाना बनाया। चोर बाउंड्री कूदकर परिसर में दाखिल हुए और घर के बाहर खड़ी दो बाइकों को ले जाने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिली तो बौखलाए चोरों ने दोनों बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, घर की खिड़की तोड़ने का भी प्रयास किया और बाहर रखी दो बोरी अनाज लेकर फरार हो गए।
एक ही रात में दो घरों में वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार बढ़ने से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। हालांकि नशे के कारोबार और चोरी की घटनाओं के बीच संबंध को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में सवाल उठ रहा है कि जब रात में घरों की सुरक्षा भगवान भरोसे और चोर बेखौफ घूम रहे हों, तो पुलिस की गश्त आखिर किसके लिए है। कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिस टीम गठित कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं।
सचिन सिंह बने शिवसेना यूबीटी के जिला प्रमुख, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

