बारिश के बीच मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में जलभराव और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा
लखनऊ,(आरएनएस )। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क, अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास अंडर ब्रिज, इंदिरा नगर के सी ब्लॉक, रहीम नगर और महानगर सहित विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बारिश के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने और जहां भी जलभराव की स्थिति बने, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंत्री ने जनेश्वर मिश्र पार्क और अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास स्थित अंडर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति की जानकारी ली और अंडर ब्रिज में पानी न लगने पर संतोष जताया। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार को राजधानी के सभी अंडरपास और अंडर ब्रिज को चिन्हित कर उनकी जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद ए.के. शर्मा इंदिरा नगर के सी ब्लॉक पहुंचे और नाले तथा जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नाला बन जाने के बाद इस वर्ष बारिश में जलभराव की समस्या नहीं हुई है। इस पर स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए मंत्री का आभार जताया।मंत्री ने रहीम नगर और महानगर क्षेत्र में भी नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान सभी क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और जहां जलभराव हो, वहां तत्काल पंपिंग, सफाई और जल निकासी के जरूरी उपाय किए जाएं। उन्होंने नगर आयुक्त को राजधानी के सभी निचले इलाकों को चिन्हित कर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।ए.के. शर्मा ने कहा कि लखनऊ में पिछले 20 वर्षों के वर्षा रिकॉर्ड में दर्ज बारिश के बावजूद लगातार दो-तीन दिन हुई बारिश के बाद भी जल निकासी के लिए किए गए कार्यों के कारण इस वर्ष राजधानी में गंभीर जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में फैजुल्लागंज, विधानसभा और सिविल हॉस्पिटल के आसपास बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती थी, लेकिन पिछले वर्षों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को प्राथमिकता दी जाए। केवल बारिश के दौरान पानी निकालने तक व्यवस्था सीमित न रहे, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में नालों की क्षमता, जल निकासी मार्ग, पंपिंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक तकनीकी उपायों की भी समीक्षा की जाए, ताकि आने वाले समय में नागरिकों को जलभराव से राहत मिल सके।मंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल टीम तथा जरूरी संसाधन मौके पर उपलब्ध कराए जाएं।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बारिश के बीच मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में जलभराव और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा
—————

