महापंचायत में राकेश टिकैत बोले- यह सरकार बेशर्म और बेहया
ओवैसी भाजपा का आदमी; इसके चक्कर में न पड़ें
प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन की ओर से प्रयागराज के मुंडेरा में किसान क्रांति महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने खाद, बिजली और पानी की उपलब्धता का मुद्दा उठाते हुए किसानों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई।
चौधरी राकेश टिकैत ने आरोप लगाया कि सरकार जमीन अधिग्रहण के नाम पर किसानों की जमीन ले रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। इससे खेती के प्रति किसानों का मोहभंग हो रहा है। कहा कि सरकार किसानों को खास तौर पर युवाओं को खेती से दूर करने का प्रयास कर रही है।
टिकैत ने आशंका जताई कि ऐसी परिस्थितियों में किसान खेती को घाटे का सौदा मानकर अपनी जमीन उद्योगपतियों को कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे किसान जमीन अधिग्रहण का विरोध करने के बजाय सरकार की ओर से तय की गई दरों पर सहमत होने की स्थिति में आ सकते हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात कही थी। आमदनी तो नहीं बढ़ी, लेकिन खर्चे और बढ़ गए। यह सरकार बेशर्म और बेहया है। यह बड़े उद्योगपतियों की सरकार है। किसानों ने 13 महीने तक आंदोलन चलाया। यह ऐसी सरकार है, जिसने अपनी राजधानी को घिरा रहने दिया।
टिकैत ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी, किसानों का धान खरीदने में गड़बड़ी, मंदिरों के चंदे और युवाओं की नौकरियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा गैंग है, जबकि विपक्ष उस तरह की लड़ाई नहीं लड़ रहा, जैसी लड़नी चाहिए। देश में किसान ही असली लड़ाई लड़ रहा है। खर्च और कर्ज बढ़ गए हैं, जबकि किसानों की आमदनी घट गई है।

