मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों की सूची जारी करने की मांग
*बी एस ए ने कहा जल्द जारी होगी सूची*
सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा परिषद एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत उन शिक्षकों की सूची शीघ्र जारी करने की मांग उठी है, जो मार्च 2027 में अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले हैं। शिक्षक नेता रणवीर सिंह ने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता से सूची तत्काल जारी किए जाने की मांग की है।
शिक्षक नेता रणवीर सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों की सूची निर्धारित समय से लगभग छह माह पूर्व जारी किया जाना आवश्यक है। इससे संबंधित शिक्षकों को विद्यालय का संपूर्ण चार्ज व्यवस्थित रूप से हस्तांतरित करने, अपनी सेवा संबंधी पत्रावलियों को समय से पूर्ण कराने तथा सेवानिवृत्ति से जुड़े देयकों एवं पावनों की पत्रावली तैयार कराकर संबंधित अधिकारियों को समय से प्रेषित कराने में सुविधा मिलती है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी होने से शिक्षकों को अनावश्यक भागदौड़ और कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी। साथ ही पेंशन, जीपीएफ, ग्रेच्युटी सहित अन्य देयकों के निस्तारण की प्रक्रिया भी समय से आगे बढ़ाई जा सकेगी। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता ने बताया कि संबंधित पटल सहायक को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों की सूची जल्द ही जारी कर दी जाएगी।

