मंदिर से घंटा, दानपात्र बर्तन चोरी
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राईपुर में प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित हनुमान मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। बुधवार की रात चोरों ने मंदिर परिसर में लगा घंटा, पूजा के बर्तन और दानपात्र चुरा लिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी विक्रम गिरी पूजा करने मंदिर पहुंचे। मंदिर से सामान गायब देख उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची 112 की पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि इसके पूर्व भी उक्त मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसका आज तक पता नहीं चल सका है। इस बार फिर हुई चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेरी गंगासागर मिश्र ने बताया चोरी की जानकारी मिली है जांच की जा रही है।

