मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० गंगाराम गौतम द्वारा आज जिला महिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विभिन्न वार्डों एवं ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों से उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि उन्हें आवश्यक दवाएं चिकित्सालय से उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनका समुचित उपचार भी किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में आने वाले सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में पेयजल, साफ-सफाई तथा मरीजों एवं तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
———-
जौनपुर 12 जून, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया है कि सुशासन को समर्पित मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग, जौनपुर द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० सदस्य विधान परिषद श्री बृजेश कुमार सिंह ’प्रिंशू’ जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने आमजन को स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए तथा टीबी रोगियों को निःक्षय पोषण पोटली प्रदान की। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मचारियों एवं आईएमए के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने जनपदवासियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी सेवाओं एवं योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सत्यव्रत त्रिपाठी सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुशील अग्रहरी द्वारा किया गया।
———–
जौनपुर 12 जून, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-05
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां….
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां हुई तेज
जनपद के अलग-अलग स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन प्रोटोकॉल का अभ्यास सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिक से अधिक संख्या में योग प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पतंजलि योग समिति और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तहसील और ब्लाक स्तर पर योग प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पतंजलि योग समिति के प्रांतीय सह प्रभारी अचल हरीमूर्ति और अरविंद कुमार के द्वारा लोहिया पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराकर योग शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पतंजलि योग समिति के प्रांतीय सह प्रभारी अचल हरीमूर्ति के द्वारा बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रोटोकॉल वैश्विक स्तर पर अभ्यास के लिए बहुत ही सुव्यवस्थित ढंग से बनाया गया है।आज वैश्विक स्तर पर जिन जिन मनोदैहिक समस्याओं से व्यक्ति निजात पाना चाहता है उन्हीं को दृष्टिगत रखते हुए यह अंतराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल का निर्माण किया गया है। प्रोटोकॉल के तहत शरीर के अलग-अलग हिस्सों को स्वस्थ रखने के लिए सरल और सहज ढंग से करनें वाले व्यायामों के साथ आसनों के साथ ध्यान और प्राणायामों को सम्मिलित किया गया है।
सर्वाइकल, स्पोंडिलाइटिस, गर्दन और कंधों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए खड़े होकर सरल और सहज व्यायामों के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन के साथ चक्रासन और पादहस्तासन का अभ्यास कराया जाता है। इसके अतिरिक्त बैठकर और लेटकर अनेकानेक प्रकार के आसनों के साथ ध्यान और प्राणायामों का अभ्यास कराया जाता है।
————-
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

