लखनऊ विश्वविद्यालय में एनसीसी नामांकन अभियान, 135 विद्यार्थियों ने लिया चयन प्रक्रिया में हिस्सा
लखनऊ, (आरएनएस )। लखनऊ विश्वविद्यालय में 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के लिए नए कैडेटों के चयन एवं नामांकन को लेकर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 135 विद्यार्थियों, जिनमें 63 छात्राएं और 72 छात्र शामिल रहे, ने नामांकन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।नामांकन अभियान का उद्देश्य शारीरिक रूप से सक्षम, अनुशासित और एनसीसी के प्रति समर्पित विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय कैडेट कोर से जोड़ना था। चयन प्रक्रिया के पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, सिट-अप्स और पुश-अप्स के माध्यम से विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया गया।शारीरिक दक्षता परीक्षा में निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल किया गया। लिखित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की सामान्य योग्यता, ज्ञान और एनसीसी प्रशिक्षण के लिए उनकी उपयुक्तता का आकलन किया गया।चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित मानकों के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी में कैडेट के रूप में शामिल किया जाएगा।अभियान के दौरान फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. नागेंद्र कुमार मौर्य, जूनियर वारंट ऑफिसर रहमान तथा 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के अन्य पीआई स्टाफ उपस्थित रहे। उन्होंने नामांकन एवं चयन प्रक्रिया के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से युवाओं में एनसीसी के मूल्यों और आदर्शों के प्रति बढ़ती रुचि का पता चलता है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विश्वविद्यालय में आयोजित इस अभियान से विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा से जुड़े अवसरों के प्रति भी प्रोत्साहन मिला।
लखनऊ विश्वविद्यालय में एनसीसी नामांकन अभियान, 135 विद्यार्थियों ने लिया चयन प्रक्रिया में हिस्सा
—–

