लूट का मामला फर्जी पुलिस ने किया खुलासा पैसों का गबन करने के लिए लूट की झूठी सेल्स मैंन ने कहानी गढ़ी
जौनपुर ,18 जुलाई। यूपी के जौनपुर में नगर कोतवाली थाना अंतर्गत शुक्रवार शाम हुई 68,840 की कथित लूट का मामला फर्जी निकला है। पुलिस ने शराब कारोबारी के कर्मचारी विकास यादव के खिलाफ गबन और विश्वासघात का मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र के भंडारी अंडरपास के पास एक व्यक्ति से तमंचे की नोक पर लगभग एक लाख रुपये लूटे गए हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली और लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए।
साक्ष्यों के अवलोकन के बाद पुलिस को घटनास्थल पर लूट की संभावना कम लगी। शाम 6 बजे सड़क पर आवाजाही रहती है, और वादी के बयान में विरोधाभास था। घटनास्थल से मात्र 10 मीटर की दूरी पर लगे सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसी कोई घटना नहीं दिखी।
वादी विकास यादव से गहन पूछताछ और उसके कॉल रिकॉर्ड की जांच के बाद सच्चाई सामने आई। विकास यादव का काम शराब की दुकान से पैसे लेकर मालिक को देना था। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर पैसों का गबन करने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
पुलिस ने विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। बताया गया है कि वह पहले भी इस तरह के काम में शामिल रहा है और लालच में आकर उसने यह कृत्य किया।

