सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क न बनने पर पार्षदों ने जताई नाराजगी 

सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क न बनने पर पार्षदों ने जताई नाराजगी

 

(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)

 

अयोध्या।हीट वेब से प्रभावित अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के नौ वार्डों में मियावाकी पद्धति से सघन वन क्षेत्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा शहर के अन्य वार्डों में भी जगह उपलब्ध होने पर मियावाकी पद्धति से सघन वन क्षेत्र स्थापित होगा। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में पार्षदगण जन सहयोग के माध्यम से पौधारोपण करेंगे। यह निर्णय गांधी सभागार में आयोजित नगर निगम सदन की विशेष बैठक में लिया गया।सदन की अध्यक्षता कर रहे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि पार्षद गण आम लोगों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ सामन्वय स्थापित कर रामपथ पर जहां जगह उपलब्ध होगी, वहां पौधारोपण किया जाएगा।उन्होंने संभ्रांतजन से पौधारोपण में सहयोग लेने का आह्वान किया।नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने साकेतपुरी कॉलोनी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां लोगों ने अपने घरों के सामने पेड़ लगाकर संरक्षित किया है। इसी तरह से अन्य इलाकों में भी लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर तय किया गया कि क्षेत्र में बनने वाली सड़कों के किनारे पौधारोपण किया जाएगा। बैठक में महापौर के प्रस्ताव पर स्वच्छता जागरूकता के लिए प्रतिमाह एक रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

पार्षद चंदन सिंह एवं हरिश्चंद्र अग्रहरि ने जलवायु के अनुसार फलदार पेड़ जामुन, महुआ, कटहल, आम, अमरूद आदि लगाने का सुझाव रखा। इस दौरान पार्षद अमित कुमार ने ट्री गार्ड उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई, जिसका पार्षद अनिल सिंह एवं जय नारायण सिंह रिंकू ने समर्थन किया। पार्षद धर्मेंद्र मिश्र ने पार्षद चार फीट से ऊपर के पौधे लगाने एवं जिओ टैगिंग करने की आवश्यकता जताई। बैठक में जगत नारायण यादव एवं अंकित तिवारी ने तिकोनिया पार्क का गेट न खुलने का मुद्दा उठाया। इस पर वहां के माली को नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया। पार्षद अखिलेश पांडेय ने पुलिस लाइन स्थित कूड़ाघर को हटाने की मांग की, जिस पर महापौर एवं नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर यथोचित कार्रवाई का वादा किया। पार्षद अनुज दास ने कहा कि जल निगम ने सड़क खोदकर छोड़ दी है, नगर निगम अपनी सड़कें नहीं बचा पा रहा है।चर्चा में नेता सदन बृजेन्द्र सिंह, सपा पार्षद दल के नेता विशाल पाल, सुशील मिश्र बबलू, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुनील यादव, मनीषा यादव, गरिमा मौर्य, सुमन आदि पार्षदों ने हिस्सा लिया।बैठक का संचालन सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडे ने किया। उन्होंने आगामी 21 जून तक चलने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा रखी और सॉलिड वेस्ड मैनेजमेंट के तहत कूड़ा संकलन की प्रक्रिया में आए बदलाव के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर उप सभापति संतोष सिंह, सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीशम, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, मुख्य अभियंता पुनीत ओझा मौजूद थे। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि बैठक में पार्षदों की शिकायत पर जल निगम के अधिशासी अभियंता को तलब कर उन्हें जब तक पहले से खोदे गए स्थान पर सीवर लाइन डालकर सड़क की मरम्मत न कर दी जाय, तब तक नए स्थान पर खोदाई न करने की हिदायत दी

गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *