हरिद्वार की तर्ज पर मां दुर्गा की महाआरती, 100 जोड़ों ने एक साथ उतारी आरती
– सैकड़ों दीपों की रोशनी और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ सिधौली का बाजार स्थित दुर्गा पंडाल
सिधौली/सीतापुर। नवरात्र के आठवें दिन रविवार को सिधौली के मोहल्ला बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरिद्वार से आए कलाकारों ने गंगा आरती की तर्ज पर मां जगदंबा की भव्य महाआरती की। सैकड़ों दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार और मां के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। महाआरती के दौरान करीब 100 जोड़ों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ दीप लेकर मां दुर्गा की आरती की। इस अलौकिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूजन के दौरान यजमान अंकित श्रीवास्तव और पूर्णिमा श्रीवास्तव के साथ पंडित अतुल मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। दुर्गा पूजा कमेटी के हिमांशु जैन ने बताया कि पंडाल में प्रतिदिन आरती होती है, लेकिन इस बार हरिद्वार से आए कलाकारों की विशेष प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। सिधौली कस्बे में तहसील मार्ग, विवेक नगर, बिसवां चौराहा समेत करीब एक दर्जन स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूरे कस्बे में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है। महाआरती के समापन पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी विजेंद्र सिंह, कस्बा इंचार्ज हरिश्चंद्र यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अनुराग शुक्ला बंटी, ऋषि श्रीवास्तव, कमलकांत रस्तोगी, आशीष पांडेय समेत दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

