अज्ञात हमलावरों की फायरिंग में युवक घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

अज्ञात हमलावरों की फायरिंग में युवक घायल, ट्रामा सेंटर रेफर
-रौनाही पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
सोहावल-अयोध्या। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रौनाही थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा रौनाही के पास मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों की फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय से लखनऊ रेफर किया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार गोली युवक के पेट में फंसी हुई है। घायल के बड़े भाई शादाब पुत्र मुख्तार की तहरीर पर रौनाही पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार युवक क्षेत्र में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय फौजी ढाबे के पास चाय पीने के लिए रुका था। इसी बीच बिना नंबर की थार गाड़ी से गुजर रहे लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट में लगी।घायल को साथ रहे लोग स्थानीय चिकित्सक के पास ले गये।वहां से उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और टोल टैक्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार फुटेज में एक बिना नंबर की थार गाड़ी दिखाई दी। जिसके सवारों का टोल देने को लेकर टोल कर्मियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि थार सवार बिना टोल दिए आगे बढ़ गए। टोल कर्मियों द्वारा पीछा किए जाने पर गाड़ी सवारों ने फायरिंग की।पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का एक खोखा बरामद किया है। हालांकि घायल युवक को गोली कैसे लगी? इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *