गाजियाबाद में युवक को घेरकर मारपीट, घटना का वीडियो वायरल; पीड़ित ने पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का लगाया आरोप

ब्यूरो चीफ / राजेश कुमार गुप्ता
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में गांधी पार्क के पास लोहिया नगर कट पर एक युवक के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने मामले में पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कासगंज निवासी अमित कुमार के अनुसार, 30 सितंबर की शाम उसका एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इसके अगले दिन, एक अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे वह कंपनी के कर्मचारियों के साथ बैठक के लिए गांधी पार्क के पास लोहिया नगर कट पर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान वही व्यक्ति करीब 8 से 10 लोगों के साथ वहां पहुंचा और अमित को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अमित का आरोप है कि हमलावरों के पास पंच तथा नुकीली और धारदार वस्तुएं थीं। मारपीट में उसके सिर, नाक और मुंह पर चोट आई तथा खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे हमलावरों से बचाया।
पीड़ित के मुताबिक, घटना के तत्काल बाद उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत भी दी। अमित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। साथ ही, पुलिसकर्मियों की ओर से मामले को आपसी समझौते के जरिए समाप्त करने का दबाव बनाया जा रहा है।
अमित ने बताया कि उसके पास घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें मारपीट करने वाले लोग दिखाई दे रहे हैं। उसने पुलिस से वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई और पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *