ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी स्थित 7th Avenue Club House में आज श्री साई सेवा ट्रस्ट द्वारा 8वीं वार्षिक साई संध्या कार्यक्रम का अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साई भक्तों ने भाग लेकर साई बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा, दीप प्रज्वलन एवं साई आरती से हुआ, जिसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों की मधुर प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु “ॐ साई राम” के जयकारों में भावविभोर दिखाई दिए। दिल्ली से आई प्रसिद्ध भजन गायिका राधा राठौर जी ने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री कन्हैया झा सहित प्रमुख सदस्यों एवं पदाधिकारियों — श्री प्रवेश तिवारी,श्री धनंजय पाठक, श्री गिरीश गौरव अग्रवाल, श्रीमती शिप्रा श्रीवास्तव, श्री शक्ति ठाकुर, श्रीमती राखी जोशी, श्री रवि शर्मा, श्री नागेंद्र जी, श्री के.सी. उपाध्याय एवं श्री राहुल कुमार — ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच साई प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रेम एवं श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों ने साई बाबा के संदेश “सबका मालिक एक है” को आत्मसात करते हुए सनातन धर्म की भावना, मानव सेवा, प्रेम एवं भाईचारे को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
श्री साई सेवा ट्रस्ट ने सभी भक्तों, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।

