ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बिसहाड़ा रोड पर उस समय हुई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बिसाडा गांव निवासी धर्मेंद्र (26) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र अपने पिता को वर्कशॉप में खाना देने के बाद मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताते हुए दादरी-बिसहाड़ा रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रक को कब्जे में लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।
जारचा थाना पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

