ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया एनकाउंटर में ढेर

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी 32 वर्षीय बलराज को एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी ने छिपाई गई पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची 28 अगस्त को घर से लापता हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने पांच टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में बच्ची आरोपी बलराज के साथ जाती और बाद में वह बोरी लेकर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत से बच्ची का शव बोरी में बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। शनिवार को आरोपी को हथियार बरामद कराने ले जाया गया था, जहां उसने छिपाई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग में हेड कॉन्स्टेबल रवि कुमार के हाथ में गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलराज के सीने में गोली लगी।
आरोपी को नोएडा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *