चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं, भाजपा के लिए काम कर रहा है: अखिलेश यादव

चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं, भाजपा के लिए काम कर रहा है: अखिलेश यादव

लखनऊ ( आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग संविधान के अनुसार काम नहीं कर रहा है और निष्पक्ष नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है और मतदाता सूची से जुड़ी समाजवादी पार्टी की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की गई।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव में बेईमानी और वोटों की लूट करती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का उल्लेख करते हुए कुंदरकी, मीरापुर, बीकापुर, कटेहरी और रामपुर में चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने फर्जी फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाने की शिकायतें कीं, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।उन्होंने कहा कि भाजपा एक देश, एक चुनाव की व्यवस्था इसलिए चाहती है, ताकि एक बार चुनाव में गड़बड़ी कर पांच साल तक सत्ता में बनी रहे और बार-बार जांच तथा शिकायतों का सामना न करना पड़े। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति के नाम से बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा कराकर मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया गया।मतदाता सूची की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन के मार्च और धरने में सपा सांसदों के साथ शामिल अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार घबराई हुई है, इसलिए नेताओं और सांसदों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।अखिलेश यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त से एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में मतदाताओं को मतदान से रोकने और वोटों की लूट की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी अन्याय, अत्याचार और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ जनता के साथ संघर्ष करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की कथित साजिश को समझ चुकी है और दावा किया कि पीडीए भाजपा को हराएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता संघर्ष और मेहनत के आदी हैं तथा लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए आंदोलन जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *