जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर,13 मार्च। यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए गुरुवार रात मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी, मोबाइल फोन और अवैध असलहे बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में शुक्रवार को जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में ,जफराबाद, गौराबादशाहपुर और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। गोसाईपुर गांव निवासी जनसेवा केंद्र संचालक प्रेमचंद यादव को 11 मार्च की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल और बैग में रखा पैसा लूट लिया था। इस मामले में उनकी पत्नी निशा देवी की तहरीर पर थाना जफराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए तीन टीम लगाई गई थी पुलिस टीम रात में बेलवा घाट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बेलाव पुल के पास घेराबंदी की गई। तभी मोटरसाइकिल से तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस के रुकने के इशारे पर बदमाश भागने लगे और भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के हाथ में गोली लग गई, जबकि थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया और पुलिस ने मौके से तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आदर्श यादव , दिवाकर कुमार और अमन यादव शामिल हैं। इनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस, लूट के 27 हजार रुपये, लूटी गई मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *