जिला अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर लापरवाही डीएम नाराज अस्पताल में सफाई कार्य देख रही संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

जिला अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर लापरवाही डीएम नाराज अस्पताल में सफाई कार्य देख रही संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

जौनपुर 23 जुलाई। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन आरोग्य केंद्र, टीकाकरण व्यवस्था, ऑक्सीजन प्लांट, जन सुविधा केंद्र सहित चिकित्सालय की समग्र व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा कमियों सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन आरोग्य केंद के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान कार्यालय सुव्यवस्थित नहीं पाया गया तथा परिसर में विभिन्न स्थानों पर पान की पीक एवं गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा कार्यालयों को व्यवस्थित रखा जाए।

टीकाकरण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने टीकाकरण की प्रगति एवं अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की तथा नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ऑक्सीजन प्लांट कार्यशील अवस्था में नहीं पाया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उसे संचालित कराने एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एमसीएच वार्ड के निरीक्षण में बेडशीट गंदी पाई गई तथा वार्ड में लगा विद्युत बोर्ड खुला हुआ मिला, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें भोजन में क्या-क्या उपलब्ध कराया गया तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान फायर अलार्म प्रणाली सही स्थिति में नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त मरीजों का पंजीकरण (पेशेंट रजिस्टर) भी व्यवस्थित नहीं मिला। जिलाधिकारी ने इन कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए तथा कहा कि अस्पताल में सुरक्षा एवं अभिलेखों का उचित रख-रखाव अत्यंत आवश्यक है।

अस्पताल के शौचालयों की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मरीजों के उपयोग में आने वाला स्ट्रेचर भी गंदा पाया गया, जिसे तत्काल साफ कराने एवं भविष्य में स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अस्पताल में सफाई कार्य देख रही संस्था को तत्काल कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में गंदगी, अव्यवस्था एवं लापरवाही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *