जौनपुर में 9 अगस्त को होगी चौथी जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 430 प्रतिभागियों का रखा गया लक्ष्य
जौनपुर। योगा फेडरेशन जौनपुर की कोर कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष रजनी साहू की अध्यक्षता में शहर के एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में आगामी चौथी जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रजनी साहू ने बताया कि योगा फेडरेशन द्वारा पूरे प्रदेश में योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में जौनपुर में चौथी जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता 9 अगस्त (रविवार) को मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रतियोगिता में 267 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 430 बच्चों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों से संपर्क कर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 8 वर्ष से 25 वर्ष तक के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन सब जूनियर ग्रुप-ए, बी, सी, जूनियर ग्रुप-ए, बी तथा प्रोफेशनल ग्रुप में किया जाएगा। निष्पक्ष परिणाम सुनिश्चित करने के लिए इस बार भी राष्ट्रीय स्तर के पांच रेफरी आमंत्रित किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि विजेता और उपविजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के चयन को लेकर भी कई नामों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों को संबंधित अतिथियों से संपर्क कर उनकी सहमति लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई। रजनी साहू ने कहा कि पिछले वर्ष सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल एवं भव्य आयोजन हुआ था, जिसके लिए उन्होंने सभी को बधाई दी और इस बार भी उसी उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में कोषाध्यक्ष रचित साहू, ऋषि कुमार, सन्नी यादव, तनुष्का साहू, प्रियांशी प्रजापति, अनुष्का साहू, नितेश मौर्या, लकी साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में महासचिव डॉली गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

