त्योहारों पर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
प्रयागराज में तीन वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में 27 फीसदी वृद्धि का दावा
ग्राहकों की संख्या में भी 17 से 19 फीसदी बढ़ोतरी
प्रयागराज। कभी माफिया की दहशत के बीच कारोबार करने को मजबूर रहे प्रयागराज के व्यापारियों के लिए त्योहारी सीजन नई उम्मीद लेकर आया है। शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है और दुकानों पर देर तक खरीदारी हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में आए बदलाव से कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। विकास और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी के बीच त्योहारों पर बाजारों की रौनक भी बढ़ी है।
उत्तर प्रदेश में विकास के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की बात कही जा रही है। इसका असर त्योहारों के दौरान प्रयागराज के बाजारों में खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है। प्रयागराज के प्रमुख व्यवसायी आनन्द जी टन्डन “पप्पन” का कहना है कि एक दौर में शहर में माफिया की धमक के चलते कारोबार करना मुश्किल था। उनके मुताबिक, योगी सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार से व्यापारियों का भरोसा बढ़ा है और अब बाजार देर रात तक खुले रह रहे हैं।
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों सिविल लाइंस, चौक, कटरा और मुट्ठीगंज में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। इससे कारोबारियों को बेहतर व्यापार की उम्मीद है।
शगुन फैब्रिक्स के मो0 अकरम शगुन के अनुसार, प्रयागराज में पिछले तीन वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि बाजारों में ग्राहकों की संख्या 17 से 19 फीसदी तक बढ़ी है।उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी संग्रह में लगातार हो रही वृद्धि व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोतरी का संकेत देती है। उनके मुताबिक, डिजिटल लेनदेन के विस्तार से समानांतर अर्थव्यवस्था पर भी अंकुश लगा है।

